शादी के भोज में मटन की जगह चिकन परोसने पर बवाल, बारातियों और लड़की पक्ष में मारपीट, कई घायल

सहरसा: सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में एक शादी समारोह के दौरान भोज को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बाराती और लड़की पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें दूल्हा पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर के वार्ड संख्या 12 निवासी मो. अनवर के पुत्र मो. अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मो. जाविद उर्फ मोटो की पुत्री के साथ संपन्न हुआ। निकाह की रस्में शांतिपूर्वक पूरी होने के बाद भोज शुरू हुआ, जहां भोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि शादी से पहले भोज में मटन (खस्सी) परोसने की बात तय हुई थी, लेकिन मेहमानों को चिकन परोसा गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और घूंसे चले, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में दूल्हा पक्ष के मो. आशिक, मो. इरफान, मो. हसन, मो. अब्बास, मो. जब्बार, मो. आतिफ और मो. महबूब समेत कई लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल किसी की हालत गंभीर होने की पुष्टि नहीं हुई है। दूल्हे के चाचा मो. इरफान ने आरोप लगाया कि भोजन को लेकर विवाद के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने मामले में पुलिस से शिकायत कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी और पुलिस की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। — मिथिला हिंदी न्यूज़ संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.