दरभंगा में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल के पास संदिग्ध बम विस्फोट, दो मजदूर गंभीर घायल

बिहार के दरभंगा जिले से मंगलवार को एक गंभीर घटना सामने आई। पतोर थाना क्षेत्र के चंचल नगर गांव में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल के पास रखे एक संदिग्ध बम में अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, चंचल नगर में एक नई चारदीवारी का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान चारदीवारी के पास एक झोले में रखा संदिग्ध बम अचानक फट गया। विस्फोट की चपेट में आने से राम बाबू और श्रीकांत पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विस्फोट में इस्तेमाल किया गया संदिग्ध बम वहां कैसे पहुंचा। प्रारंभिक जांच में पुलिस जमीन विवाद के पहलू को भी खंगाल रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। — मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.