भोजपुर में जर्जर बाउंड्री वॉल गिरने से दो मासूम चचेरे भाइयों की मौत, दादा घायल; मुआवजे की प्रक्रिया शुरू

भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में जर्जर बाउंड्री वॉल गिरने से दो मासूम चचेरे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा बिहिया नगर परिषद के वार्ड संख्या-6 स्थित धोबिया मोहल्ला में हुआ, जहां घर के बाहर खेल रहे दोनों बच्चे अचानक दीवार गिरने से मलबे में दब गए। हादसे में उनके दादा भी घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृत बच्चों की पहचान तीन वर्षीय शिवांश कुमार उर्फ कल्लू और ढाई वर्षीय अंकित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे, तभी पुरानी और जर्जर बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। पास में मौजूद उनके दादा छोटक रजक भी दीवार की चपेट में आकर घायल हो गए। मृतक के बड़े पापा राजू कुमार रजक ने बताया कि तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंकित को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। शिवांश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था, जबकि अंकित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जर्जर दीवार गिरने के पीछे लापरवाही या अन्य कोई कारण तो नहीं था। भोजपुर के अंचल अधिकारी (सीओ) निलेश कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके निर्देश पर पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों बच्चों के शव के साथ बिहिया-जगदीशपुर स्टेट हाईवे-102 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मकान मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर जर्जर भवनों और दीवारों की समय पर मरम्मत नहीं होने से होने वाले खतरों की ओर इशारा करता है। स्थानीय लोग प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जर्जर संरचनाओं की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। — मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.