👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
समस्तीपुर में आकाशीय बिजली का कहर: महिला समेत दो की मौत, एक किशोर गंभीर रूप से झुलसा
0
July 15, 2026
समस्तीपुर: जिले में बुधवार को आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। सरायरंजन प्रखंड के घटहो थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल किशोर का इलाज एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पहली घटना घटहो थाना क्षेत्र की मुसापुर पंचायत के लगमा गांव में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड-13 निवासी अकलू राय का 14 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार और त्रिवेणी राय का 16 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार बुधवार दोपहर भुराहा चौर में मवेशियों के लिए चारा लाने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। दोनों किशोर इसकी चपेट में आ गए।
वज्रपात इतना तेज था कि रंजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटू कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को कांचा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
उधर, उसी दिन लगमा गांव में हुई दूसरी घटना में 40 वर्षीय कारी देवी की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वह सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत के वार्ड-09 स्थित महिषी टांड़ा निवासी विपत सहनी की पत्नी थीं। घटना के समय वह खेत की ओर गई थीं, तभी अचानक वज्रपात की चपेट में आ गईं।
दो अलग-अलग घटनाओं में हुई इन मौतों की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर घटहो थाना पुलिस, डायल-112 की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इसके साथ ही मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
मिथिला हिंदी न्यूज
