👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार में MBBS की 740 नई सीटें बढ़ीं, अब 4,160 सीटों पर होगा नामांकन
0
July 15, 2026
पटना: बिहार में मेडिकल की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शैक्षणिक सत्र 2026–27 में राज्य में एमबीबीएस की 740 नई सीटें बढ़ा दी गई हैं। इसके साथ ही अब बिहार के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में कुल 4,160 सीटों पर दाखिला होगा। इससे राज्य के छात्रों को मेडिकल शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने ही राज्य में अधिक अवसर मिलेंगे।
वर्तमान में बिहार में कुल 26 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें 14 सरकारी और 12 निजी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। इस वर्ष सीटों में हुई बढ़ोतरी के तहत सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 190 सीटें और निजी मेडिकल कॉलेजों में 550 सीटें जोड़ी गई हैं।
राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) ने कॉलेजवार एमबीबीएस सीटों की नई सूची जारी कर दी है। इसके अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026–27 में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 1,710 सीटों तथा निजी मेडिकल कॉलेजों में 2,450 सीटों पर नामांकन होगा।
पिछले शैक्षणिक सत्र 2025–26 में बिहार के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 1,520 सीटों और निजी मेडिकल कॉलेजों में 1,900 सीटों पर दाखिला हुआ था। इस बार कुल 740 सीटों की वृद्धि मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सीटों की संख्या बढ़ने से राज्य के अधिक छात्र NEET-UG के माध्यम से एमबीबीएस में प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही भविष्य में बिहार में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में भी यह फैसला महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
मिथिला हिंदी न्यूज
