बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत राज्य के एक करोड़ से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को एक अणे मार्ग स्थित कार्यक्रम से प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1100 रुपये की राशि भेजी।
हर महीने 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’
बिहार सरकार हर महीने की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाती है। इसी क्रम में सोमवार को राज्य के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि उपलब्ध कराई गई।
सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की मासिक राशि में बड़ा इजाफा करते हुए इसे 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया है। सरकार का कहना है कि बढ़ी हुई राशि से पेंशनधारियों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहायता मिलेगी।
कोई पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लिए पात्र एक भी व्यक्ति लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से योग्य लाभार्थियों की पहचान कर उनका नाम योजना में जोड़ने को कहा।
पूर्णिया में 2.50 लाख लोगों को मिला लाभ
वहीं, पूर्णिया जिले में करीब 2.50 लाख पेंशनधारियों के बैंक खातों में लगभग 32 करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए भेजे गए। पेंशन की राशि बढ़ने से लाभार्थियों में खुशी देखी गई और उन्होंने सरकार के प्रति संतोष जताया।
बिहार सरकार के इस फैसले से राज्य के लाखों वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों को हर महीने पहले की तुलना में ₹700 अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी।