बिहार के पूर्णिया में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना केहाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर में रविवार रात करीब 8:30 बजे की है। मृतका की पहचान 36 वर्षीय शालिनी कुमारी के रूप में हुई है। वह श्रीनगर प्रखंड के एक प्लस टू स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
दो बच्चों के सामने सीने में मारी गोली
परिजनों के मुताबिक, शालिनी कुमारी अपने बैंककर्मी पति राजकुमार यादव और दो बेटों के साथ किराए के मकान में रहती थीं। रविवार रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान शालिनी को सीने में गोली मार दी गई। घटना के समय उनके दोनों बच्चे भी घर में मौजूद थे।
गोली लगने के बाद शालिनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पति मौके से फरार हो गया। परिजन सूचना मिलने पर घर पहुंचे और घायल शिक्षिका को इलाज के लिए जीएमसीएच ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर से मिला गोली का खोखा
घटना की सूचना मिलने के बाद केहाट थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस को घर से गोली का खोखा भी मिला है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
सदर वन एसडीपीओ अभिनव पराशर ने बताया कि महिला की हत्या घर के अंदर हुई है और हत्या का आरोप उसके पति पर लगाया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
2014 में हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, शालिनी कुमारी की शादी वर्ष 2014 में राजकुमार यादव से हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब चार और नौ वर्ष बताई जा रही है। मां की हत्या के बाद दोनों बच्चे सदमे में हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और घरेलू विवाद की वास्तविक वजह की जांच कर रही है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े कई सवालों का स्पष्ट खुलासा होने की उम्मीद है।