👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर: 15 अगस्त तक करा लें ई-केवाईसी, नहीं तो महंगा पड़ सकता है गैस सिलेंडर
0
August 01, 2026
नई दिल्ली: एलपीजी (घरेलू गैस) उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) कराना अब बेहद जरूरी हो गया है। गैस एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में घरेलू गैस सिलेंडर की सुविधाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे उपभोक्ताओं को व्यावसायिक (कमर्शियल) दरों पर गैस सिलेंडर लेने जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
गैस एजेंसियों ने सभी उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द अपने एलपीजी कनेक्शन का सत्यापन कराने की अपील की है। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर लें।
जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अपना सत्यापन करा लिया है, लेकिन दुर्गा गैस एजेंसी से जुड़े करीब 4,000 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अब भी लंबित है। ऐसे सभी उपभोक्ताओं से 15 अगस्त तक हर हाल में ई-केवाईसी पूरी करने का आग्रह किया गया है।
उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भी घर बैठे ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा।
इंडियन ऑयल के उपभोक्ता IndianOil ONE, भारत गैस के उपभोक्ता Hello BPCL और एचपी गैस के उपभोक्ता HP Pay/HP Gas ऐप पर पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन कर सकते हैं।
इसके बाद KYC या आधार सत्यापन विकल्प में जाकर 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें और फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें। सत्यापन सफल होने पर स्क्रीन पर पुष्टि संदेश प्रदर्शित होगा तथा मोबाइल पर एसएमएस भी प्राप्त होगा।
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और 15 अगस्त से पहले यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में गैस वितरण या सब्सिडी से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
संपादक, मिथिला हिन्दी न्यूज
