मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद बिहार की गंडक नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसी बीच गोपालगंज जिले में नदी के तेज बहाव के साथ कथित तौर पर इंसानी शव और मवेशियों के शव बहकर आने की सूचना से गंडक के तटीय इलाकों में चिंता और दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि रविवार को यादोपुर-मंगलपुर पुल के आसपास स्थानीय लोगों ने नदी में कुछ मानव शव और मवेशियों के अवशेष बहते हुए देखे। स्थानीय लोगों का दावा है कि एक दिन में करीब तीन मानव शव और कई मवेशियों के शव दिखाई दिए हैं। हालांकि, शवों की वास्तविक संख्या और उनकी पहचान की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन से शवों को बाहर निकालने की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी में बहकर आए शवों को बाहर निकालने और उनकी पहचान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शवों की पहचान हो जाती है तो नेपाल में बाढ़ के दौरान लापता हुए लोगों के परिजनों को महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
गंडक नदी में तेज बहाव के कारण स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। प्रशासन की ओर से नदी में नाव चलाने और मछली पकड़ने पर रोक लगाए जाने की जानकारी है। पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
प्रशासन के अनुसार, फिलहाल नदी में बहकर आए शवों की संख्या, उनकी पहचान और उनके नेपाल से होने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में स्थानीय लोगों की ओर से सामने आ रही सूचनाओं की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे जाने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में किसी भी तरह की जोखिम भरी गतिविधि से बचने की अपील की है।