👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
सीतामढ़ी में दंपती की संदिग्ध मौत: पैतृक संपत्ति विवाद में हत्या का केस दर्ज, जहर देकर मारने का आरोप
0
August 07, 2026
सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में पैतृक संपत्ति विवाद के बीच दंपती की संदिग्ध मौत का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। मृतक के भाई के आवेदन पर पुलिस ने हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक के भाई संजीव श्रीवास्तव ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। नामजद आरोपियों ने विवादित जमीन की पैमाइश कराने का बहाना बनाकर नवीन श्रीवास्तव को अपने घर बुलाया था।
आवेदन के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 बजे नवीन श्रीवास्तव अपनी पत्नी नीतू कुमारी सिन्हा के साथ मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित आवास से जाफरपुर के लिए निकले थे। रास्ते में वे चंदौली में भी रुके। आरोप है कि जाफरपुर पहुंचने के बाद साजिश के तहत दोनों को भोजन या किसी अन्य माध्यम से जहर दे दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, घटना वाली रात करीब 9:53 बजे नवीन श्रीवास्तव ने अपने भाई संजीव श्रीवास्तव को फोन कर घबराई हुई आवाज में अपनी जान बचाने की गुहार लगाई थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें कुछ खिला दिया गया है। जब संजीव ने उनकी पत्नी नीतू के बारे में पूछा तो नवीन ने बताया कि वह पूरी तरह बेहोश हैं और कुछ भी बोल नहीं पा रही हैं।
परिजनों का आरोप है कि जब वे मौके के लिए रवाना हो रहे थे, तभी आरोपी चंदन कुमार श्रीवास्तव ने फोन कर दोनों की मौत की सूचना दी।
पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
