पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 19 हजार से अधिक मतों से शानदार जीत दर्ज कर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार विधायक बन गए हैं। उनकी जीत के बाद राजनीतिक गलियारों में उनकी तुलना दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से की जाने लगी। हालांकि प्रशांत किशोर ने इस तुलना को सिरे से खारिज कर दिया।
जीत के बाद मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा, "मैं प्रशांत किशोर हूं। मेरी तुलना सिर्फ अरविंद केजरीवाल से ही क्यों की जा रही है? मेरी तुलना विजय थलापति, ममता बनर्जी या अन्य सफल क्षेत्रीय नेताओं से भी हो सकती है। हर राज्य की अपनी राजनीति और अपने नेता होते हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि चुनावी सफलता हासिल करने वाले अरविंद केजरीवाल न पहले नेता हैं और न ही आखिरी। बिहार की राजनीति की अपनी अलग पहचान है और जनता के विश्वास पर खरा उतरना ही उनकी प्राथमिकता होगी।
बांकीपुर उपचुनाव में मिली इस जीत को जन सुराज के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है। पहली बार चुनाव लड़कर विधायक बनने वाले प्रशांत किशोर ने बिहार की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है। अब उनकी आगे की राजनीतिक रणनीति और विधानसभा में उनकी भूमिका पर सभी की नजर रहेगी।
मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू