हाजीपुर में कंस्ट्रक्शन ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई अपराधियों की करतूत

हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी नया टोला में गुरुवार सुबह कंस्ट्रक्शन ठेकेदार राम नरेश राय की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने उन्हें नजदीक से ताबड़तोड़ पांच गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, राम नरेश राय हर दिन की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। आमतौर पर उनके साथ 5 से 6 लोग टहलने जाते थे, लेकिन गुरुवार को वह अकेले थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी उनके पास पहुंचे। घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरे में पूरी गतिविधि कैद हुई है। फुटेज में अपराधी राम नरेश राय से कुछ देर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद ठेकेदार वहां से भागने की कोशिश करते हैं, तभी बाइक पर पीछे बैठे दो अपराधी उतरकर उनका पीछा करने लगते हैं। दोनों अपराधी उन्हें पास के जंगल की ओर ले गए, जहां गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन शव को सदर अस्पताल ले गए, लेकिन बाद में बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को घर वापस ले आए। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है। मृतक राम नरेश राय अपने माता-पिता के साथ रहते थे। उनकी पत्नी पटना में रहकर इकलौते बेटे की पढ़ाई-लिखाई संभाल रही हैं। हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.