पुणे में वैशाली के 22 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध हत्या, शव पहुंचते ही सड़क पर उतरे ग्रामीण

वैशाली: पुणे में मजदूरी करने गए वैशाली जिले के 22 वर्षीय सिकंदर कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। शव पैतृक गांव पहुंचने के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर करीब चार घंटे तक आवागमन बाधित कर दिया। परिजनों ने ठेकेदार और उसके साले पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, सिकंदर करीब छह महीने पहले क्षेत्र के ही ठेकेदार विनोद साह के साथ मजदूरी करने पुणे गया था। आरोप है कि काम के दौरान किसी बात को लेकर ठेकेदार विनोद साह और उसके साले अनिल कुमार से उसका विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि अनिल कुमार ने हथौड़े से सिकंदर के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को पैतृक गांव भेज दिया। शव गांव पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर जमा हो गए। लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक सिकंदर का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। सड़क जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान स्थिति संभालने पहुंचे पंचायत के मुखिया पर भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मुखिया की पिटाई कर दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल और स्थानीय प्रबुद्ध लोगों के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, मृतक के परिजन और ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.