चकाई-जमुई मुख्य मार्ग पर भीषण हादसा, हाइवा ने कार-बाइक को मारी टक्कर; पिता-पुत्री की मौत

जमुई: चकाई-जमुई मुख्य मार्ग पर बटिया जंगल के चिरन पुल के पास सोमवार को तेज रफ्तार हाइवा ने पहले कार और फिर बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सोनो थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी सुशील कुमार (35) और उनकी तीन वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में मृतक की पत्नी समेत एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सोनो रेफरल अस्पताल भेजा गया। टक्कर के बाद दो शव हाइवा के नीचे दब गए थे। पुलिस ने जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकलवाया। जानकारी के अनुसार, देवघर से जमुई के खेरमा जा रहे कार चालक मो. अरमान खान ढलान वाले रास्ते पर कार को नियंत्रित गति से चला रहे थे। उनके पीछे एक बाइक भी चल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा हाइवा अनियंत्रित हो गया और पहले कार को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद हाइवा ने बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाइवा की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद चकाई-जमुई मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराने की कार्रवाई शुरू की। बटिया थाना अध्यक्ष के अनुसार, प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और हाइवा के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.