👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बारिश से मिली गर्मी और उमस से राहत, जलजमाव ने बढ़ाई शहरवासियों की परेशानी
0
September 09, 2026
दरभंगा। बढ़ते तापमान और उमस से परेशान लोगों को मंगलवार दोपहर हुई बारिश से काफी राहत मिली। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और करीब 1:30 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ ही देर में बारिश तेज हो गई। करीब 2 बजे से लगभग आधे घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, जिसके बाद मौसम सुहाना हो गया। ठंडी हवाओं के चलने से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली।
हालांकि, बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। कई इलाकों की सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई। नाला विहीन सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने से राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। धंसी हुई और निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति भी बारिश के बाद बदतर हो गई। कई जगह सड़कें पानी में डूबी नजर आईं।
बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन भी बढ़ गई। पहले से जमा धूल और मिट्टी बारिश के पानी के साथ मिलकर कीचड़ में बदल गई। इससे वाहन चालकों को काफी सावधानी से वाहन चलाना पड़ा। कई चौक-चौराहों पर वाहन फिसलते हुए भी नजर आए, जिससे हादसे की आशंका बनी रही।
डीएमसीएच जाने वाली सड़क से लेकर अस्पताल परिसर तक कई जगह पानी जमा रहा। जलजमाव के कारण मरीजों के परिजनों, अस्पताल कर्मियों और अन्य लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। पानी के बीच वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही।
इधर, बारिश के दौरान शहर के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित होने की शिकायत सामने आई। लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश होते ही शहर की जलनिकासी व्यवस्था की खामियां सामने आ जाती हैं।
कुल मिलाकर मंगलवार की बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत जरूर दी, लेकिन जलजमाव, फिसलन और बिजली आपूर्ति में व्यवधान ने शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल भी खड़े कर दिए।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
