👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बाढ़ के पानी में डूबने से दो बेटियों की मौत, एक-दूसरे को बचाने में चार लड़कियां डूबीं
0
September 09, 2026
बेगूसराय। बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र में बाढ़ का पानी लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। मंगलवार सुबह परमानंदपुर पंचायत के हुसैना दियारा गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से दो युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई। घरेलू सामान लेने के लिए घर से निकली चार लड़कियां सड़क किनारे जमा गहरे पानी में अचानक डूबने लगीं। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में चारों पानी में चली गईं। ग्रामीणों की तत्परता से दो लड़कियों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन 14 वर्षीय आकांक्षा कुमारी और 21 वर्षीय सपना कुमारी की जान नहीं बच सकी।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पानी में उतरकर दोनों लापता लड़कियों की तलाश शुरू कर दी। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद डब्लु कुमार, रूपेश कुमार और हेमंत कुमार ने सपना कुमारी का शव बरामद किया। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
इसके बाद दूसरी किशोरी आकांक्षा कुमारी की तलाश शुरू की गई। स्थानीय गोताखोरों ने भी खोज अभियान में हिस्सा लिया। सिंटु कुमार यादव, शंकर कुमार सक्सेना, राजू कुमार राणा, श्याम कुमार और सत्यम कुमार समेत कई लोगों ने तलाश में सहयोग किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मनिजरा खेत के समीप आकांक्षा का शव बरामद किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ आकाश कुमार ने तुलसीटोल बांध पर तैनात गोताखोर श्याम कुमार की टीम और राजस्व कर्मचारी अवधेश कुमार को नाव से घटनास्थल पर भेजा। दोनों शवों को नाव के जरिए तुलसीटोल बांध तक लाया गया। इसके बाद बलिया पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया।
एक ही हादसे में दो परिवारों की बेटियों की मौत से हुसैना दियारा गांव में मातम पसर गया। सपना की मां रीता देवी और आकांक्षा की मां पुष्पलता देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ शोक का माहौल है।
सीओ आकाश कुमार ने बताया कि दोनों शव बरामद कर लिए गए हैं। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतकों के परिजनों को आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से पानी में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
