👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज में IIT पटना का दबदबा, दोनों टीमों ने हासिल किया पहला और दूसरा स्थान
0
September 09, 2026
पटना। एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 के पटना रीजनल राउंड में आईआईटी पटना की दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में आयोजित प्रतियोगिता में बिहार के प्रमुख इंजीनियरिंग और प्रबंधन संस्थानों की 300 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया।
आईआईटी पटना की हीत जे. जोशी और शिवांशु एस. दास की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, जोवेन एस. पायनाडत और अभिराम पारिपदी की टीम दूसरे स्थान पर रही। चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, पटना के रौशन और गौरव की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक (नैगम संचार) विश्वनाथ चंदन के अनुसार, पटना रीजनल राउंड में बिहार के विभिन्न इंजीनियरिंग और प्रबंधन संस्थानों की 300 से अधिक दो सदस्यीय टीमों ने भाग लिया। इनमें आईआईटी पटना, चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लालित नारायण मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड सोशल चेंज, बख्तियारपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग और गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज-औरंगाबाद समेत कई संस्थानों के विद्यार्थी शामिल हुए।
प्रतियोगिता की शुरुआत लिखित प्रारंभिक चरण से हुई। इसके बाद छह टीमों ने हाई-एनर्जी ऑडियो-विजुअल फाइनल राउंड में जगह बनाई। फाइनल में आईआईटी पटना की दो टीमों के अलावा चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट-पटना, सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, लालित नारायण मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड सोशल चेंज और गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज-औरंगाबाद की टीमें शामिल हुईं। फाइनल का संचालन दिल्ली के क्विज मास्टर गौतम बोस ने किया।
प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 60 हजार रुपये, दूसरे स्थान की टीम को 40 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 20 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई। एनटीपीसी के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) विल्सन अब्राहम ने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। अन्य फाइनलिस्ट टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
पटना रीजनल राउंड में शीर्ष दो स्थान हासिल करने वाली आईआईटी पटना की दोनों टीमें अब एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 के सेमीफाइनल और राष्ट्रीय फाइनल में हिस्सा लेंगी। दोनों चरणों का आयोजन 7 और 8 अक्टूबर 2026 को एनटीपीसी पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (पीएमआई), नोएडा में किया जाएगा।
इस अवसर पर विल्सन अब्राहम ने कहा कि एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज युवाओं को अपने ज्ञान, रचनात्मकता और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए प्रभावी मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना राष्ट्र निर्माण के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता का अहम हिस्सा है। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई देते हुए आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं दीं।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
