👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार में LPG उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत, अब 25 दिन बाद करा सकेंगे सिलेंडर बुक
0
September 07, 2026
पटना: बिहार में LPG गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब नया सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिन पूरे होने के बाद दोबारा LPG सिलेंडर की बुकिंग करा सकेंगे।
पहले ग्रामीण क्षेत्रों में LPG सिलेंडर की दोबारा बुकिंग के लिए 45 दिनों का अंतर निर्धारित था। यानी एक बार रिफिल बुक कराने के बाद उपभोक्ताओं को अगली बुकिंग के लिए 45 दिन तक इंतजार करना पड़ता था। अब इस अवधि को घटाकर 25 दिन कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, इंडियन ऑयल के गैस, बिहार-झारखंड के हेड सौरभ चंद्र ने रिफिलिंग अवधि में बदलाव की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के LPG उपभोक्ता 25 दिन पूरे होने के बाद अपनी जरूरत के अनुसार दोबारा सिलेंडर बुक करा सकेंगे।
इस बदलाव का सबसे ज्यादा फायदा ग्रामीण इलाकों में रहने वाले परिवारों को मिलने की उम्मीद है। जिन परिवारों में LPG की खपत अधिक होती है, उन्हें अब सिलेंडर खत्म होने के बाद लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। घरेलू कामकाज में LPG का इस्तेमाल बढ़ने के कारण ग्रामीण उपभोक्ताओं को लंबे बुकिंग अंतराल से परेशानी होती थी।
इंडियन ऑयल की ओर से उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि सिलेंडर की बुकिंग करते समय निर्धारित नियमों और प्रक्रिया का पालन करें। नई व्यवस्था लागू होने से बिहार के लाखों LPG उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के मुताबिक समय पर रिफिल बुक कराने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
