मुजफ्फरपुर के होटल में निगम कुमारी की मौत का मामला: भैसुर से शादी, चैट और पति से विवाद ने बढ़ाई पुलिस की जांच

मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही चौक स्थित एक होटल में फंदे से लटकी मिली 30 वर्षीय निगम कुमारी की मौत के मामले में जांच के दौरान कई अहम बातें सामने आई हैं। पुलिस अब महिला के वैवाहिक जीवन, उसके भैसुर प्रभात कुमार से संबंध, कथित शादी और मौत से पहले हुई बातचीत को जांच के दायरे में लेकर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच में पता चला है कि निगम कुमारी वर्ष 2022 से अपने पति मदन कुमार से अलग रह रही थी। वह नोएडा की एक रियल एस्टेट कंसल्टेंट कंपनी में मैनेजर के पद पर काम कर रही थी और गुजरात के अहमदाबाद में रहकर नौकरी करती थी। पति से अलग रहने के दौरान निगम का अपने भैसुर प्रभात कुमार से संपर्क बना रहा। बताया जा रहा है कि दोनों ने 18 सितंबर को शादी भी कर ली थी। जानकारी के अनुसार, प्रभात कुमार निगम को डिप्रेशन के इलाज के नाम पर अक्सर मुजफ्फरपुर लेकर आता था। मौत वाली रात निगम ने अपनी एक महिला मित्र को प्रभात के साथ हुई वाट्सऐप बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट भेजे थे। इन बातचीत में पैसों को लेकर विवाद होने की बात सामने आने का दावा किया जा रहा है। एक कथित चैट में ‘मार न दिया तो फिर कहना’ जैसी बात लिखे होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इन चैट की सत्यता, संदर्भ और पूरी बातचीत की जांच कर रही है। निगम कुमारी के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। बताया गया है कि उसकी चचेरी बहन की शादी प्रभात कुमार से हुई थी। जानकारी के मुताबिक, प्रभात की पहल पर ही निगम की शादी उसके चचेरे भाई मदन कुमार से हुई थी। निगम और मदन के दो बच्चे भी हैं। शादी के कुछ वर्षों बाद वर्ष 2022 से दोनों अलग-अलग रह रहे थे। घटना से पहले निगम के बेगूसराय पहुंचने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि रविवार को वह बेगूसराय पहुंची थी, जहां देर रात उसने अपने पति मदन कुमार के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद वह प्रभात कुमार के साथ मुजफ्फरपुर आई। दोनों ने गोबरसही चौक स्थित होटल में कमरा लिया। कुछ देर बाद प्रभात होटल से चला गया। इसके बाद निगम कमरे में फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन, वाट्सऐप चैट, कॉल डिटेल और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि होटल से प्रभात के जाने के बाद कमरे में क्या हुआ। फिलहाल निगम कुमारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। कथित चैट, पति के खिलाफ शिकायत और प्रभात के साथ होटल पहुंचने के घटनाक्रम ने मामले को गंभीर बना दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.