भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक रिक्त सीट के लिए चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। चुनाव की तारीख सामने आते ही भाजपा के संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि भाजपा इस सीट के जरिए किसी ऐसे चेहरे को राज्यसभा भेज सकती है, जिसे आगे केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी जिम्मेदारी दी जाए।
दरअसल, मध्य प्रदेश से इस समय पांच सांसद केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हैं। एल. मुरुगन के इस्तीफे से पहले यह संख्या छह थी। ऐसे में राज्यसभा की रिक्त सीट पर भाजपा जिस नेता को मौका देती है, उसके केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना को लेकर भी सियासी अटकलें तेज हैं। यदि ऐसा होता है तो केंद्र में मध्य प्रदेश के कोटे से एक और नेता की एंट्री हो सकती है।
मध्य प्रदेश से केंद्र में ये मंत्री
मध्य प्रदेश से वर्तमान में शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय कृषि मंत्री, ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्रीय संचार मंत्री, वीरेंद्र कुमार खटीक सामाजिक न्याय मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर केंद्रीय राज्य मंत्री हैं।
PM मोदी के करीबी चेहरे की चर्चा
राज्यसभा की इस सीट को लेकर सबसे दिलचस्प चर्चा एक ऐसे केंद्रीय मंत्री के नाम को लेकर है, जिनका वर्तमान राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होने वाला है। वह फिलहाल उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी नेताओं में उनकी गिनती की जाती है।
ऐसे में राजनीतिक चर्चाओं में यह संभावना जताई जा रही है कि भाजपा उन्हें मध्य प्रदेश के कोटे से राज्यसभा भेज सकती है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
राज्यसभा चुनाव की घोषणा के बाद अब भाजपा के भीतर संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन तेज माना जा रहा है। स्थानीय नेताओं से लेकर दिल्ली के स्तर तक कई नामों पर चर्चा की अटकलें हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है कि मध्य प्रदेश की इस महत्वपूर्ण राज्यसभा सीट पर भाजपा किस चेहरे पर दांव लगाती है।
👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार