नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट जगत से बड़ी खबर सामने आई है। जय शाह को दूसरी बार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का चेयरमैन चुन लिया गया है। 16 नवंबर को इंडोनेशिया के बाली में आयोजित ICC बोर्ड की बैठक में उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध नियुक्त किया गया। उनके नाम का प्रस्ताव ICC निदेशकों की ओर से रखा गया था।
जय शाह ने दिसंबर 2024 में पहली बार ICC चेयरमैन का पद संभाला था। अब दोबारा निर्विरोध चुने जाने के बाद वह विश्व क्रिकेट के सर्वोच्च प्रशासनिक पद पर अपनी जिम्मेदारी जारी रखेंगे।
उनका दूसरा कार्यकाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर वर्ष 2028 में अमेरिका के लॉस एंजिल्स में आयोजित होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।
लंबे अंतराल के बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी से इस खेल को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। ऐसे में जय शाह के सामने क्रिकेट को दुनिया के नए देशों तक पहुंचाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी लोकप्रियता बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
दोबारा चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने ICC बोर्ड के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने ऊपर भरोसा जताने के लिए सभी का धन्यवाद किया।
जय शाह के दोबारा निर्विरोध चुने जाने को भारतीय क्रिकेट प्रशासन के लिए भी महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें उनके दूसरे कार्यकाल और 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी पर टिकी हैं।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू