अपराध के खबरें

बिहार में इंतजार खत्‍म, 7 से 8 जून को झूम कर आएगा मानसून, अलर्ट जारी

संवाद 

बिहार में मानसून का इंतजार खत्‍म हो गया। प्रदेश का मौसम पिछले 24 घंटे से बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल पर ट्रफ लाइन गुजर रही है। 7 जून को हवा के कम दबाव का क्षेत्र पूर्वोत्तर में बंगाल की खाड़ी पर बन जाएगा। कम दबाव का यह क्षेत्र उत्तर पश्चिम दिशा में अग्रसर हो रहा है। ऐसे में प्रदेश में समय से पूर्व 7 से 8 जून जून को मानसून के पहुंचने की संभावना है। राजधानी समेत कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने व मेघ गर्जन के साथ बारिश के आसार हैं।

प्रदेश में मानसून की पहली बारिश पूर्णिया में 7 जून को होने की संभावना है। इसके बाद पटना और गया में बारिश के आसार दिख रहे हैं। पूर्वोत्तर में बंगाल की खाड़ी में हवा के कम दबाव के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है। इसके कारण अधिकतम तापमान 35-40 डिग्री के बीच बना है। राज्य में पूर्वी एवं पश्चिमी हवा का संगम हो रहा है। इसके कारण वज्रपात में कमी आएगी।
मौसम विज्ञान से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री एवं राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य में कई जगहों पर हुई बारिश  

बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने के कारण राज्य में प्री-मानसून बारिश हो रही है। बुधवार को राजधानी समेत अन्य जगहों पर बारिश हुई है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना है। राज्य के चनपटिया में 11, कटैया में 10 तथा फारबिसगंज, भोरे व रामनगर में नौ तथा नरपतगंज, निर्मली, ताइबपुर में सात एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व, दक्षिण पश्चिम, दक्षिण मध्य व दक्षिण पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में हल्के व मध्यम स्तर के बारिश हुई।

  येलो अलर्ट जारी

बंगाल के बागडोगरा से गुजर रहे मानसून को देखते हुए मौसम विभाग, पटना की ओर से  राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई जिलों में हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा चलने के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात व मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। राजधानी पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय आदि जिलों में बारिश होने की संभावना 7 से 8 जून जून तक दिख रही है।

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

live